नालों के खुले स्लैब बने मुसीबत
रुडकी
कस्बे में नेशनल हाईवे किनारे बने नाले की सफाई के बाद उन्हें बगैर ढके खुला छोड़ दिया गया है, जो लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। नालों की स्लैब जगह-जगह से खुले होने के कारण दुर्घटनाएं भी हो रही है। कस्बा निवासी हिमांशु शर्मा, शमशाद, जय सिंह, अंशुल राणा, बिट्टू, संजीव शर्मा, अमित कुमार आदि ने बताया कि काफी समय पहले एनएचएआई के कर्मचारियों द्वारा हाईवे किनारे सर्विस रोड के पास बने नाले की सफाई का कार्य किया गया था। नाला सफाई करने के लिए नाले पर रखी स्लैब हटाए गए थे। नाले की सफाई के बाद कर्मचारियों द्वारा इनसे नाले को नहीं ढका गया। जिसके बाद नाले का पानी एक जगह ही एकत्र है और काफी बदबूदार हो गया है। नाला खुला होने की वजह से लोग कूड़ा करकट आदि भी नाले में फेंक रहे हैं। जिसमें जहरीले मच्छर पैदा हो गए हैं। स्थानीय लोगों व दुकानदारों को इससे बीमारी फैलने की आशंका है। इसके अलावा नाला खुले होने की वजह से कई लोग इन में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। आवारा पशु भी अक्सर इन में फंस रहे हैं। जिन्हें बाहर निकालने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
