बाजपुर में हाईवे पर सड़क हादसे, दो युवकों की मौत

काशीपुर

अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सोमवार की देर रात करीब 9 बजे गांव चकरपुर निवासी अजय कुमार (30) पुत्र किशोरी लाल मूल निवासी रामपुर के गांव सिंगन खेड़ा नेशनल हाईवे स्थित गांव कनौरा में बाइक अनियंत्रित होने से गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक अजय कुमार स्टोन क्रशर पर काम करता था और उसका एक साल का छोटा बच्चा है। दूसरा हादसा मंगलवार को नेशनल हाईवे 74 पर मदर इंडिया स्कूल के सामने हुआ। यहां गांव बाजपुर निवासी सुरेश (42) पुत्र द्वारिका प्रसाद अपनी बुलेट बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहा था कि अज्ञात वाहन ने सुरेश की बाइक को चपेट में ले लिया, जिसमें सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस आसपास के लोगों की मदद से सुरेश को बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोराहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज देवेंद्र राजपूत ने बताया कि अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हुई है। अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *