सोमवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन
हरिद्वार
इस सीजन में सोमवार को हरिद्वार में सबसे ठंडा दिन रहा। दिनभर लोग ठंड से कांपे। दिनभर धूप न निकलने की वजह से तापमान में गिरावट भी दर्ज हुई। अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक घट गया। सुबह के समय पूरा शहर कोहरे की चादर से ढक गया।
रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। जो सोमवार को घट कर अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। घने कोहरे के चलते सुबह के समय कामकाजी लोगों को कार्य स्थल पर पहुंचने में काफी असुविधा हुई। दोपहर में भी ठंड के कारण लोग कांपते नजर आए। दिन में सर्द हवाएं चलने से लोग परेशान रहे। दिन के समय ठंड बढ़ने के बाद लोग गर्म कपड़े स्वेटर, जैकेट, चादर आदि पहन कर आवागमन करते नजर आए। कई स्थानों पर लोग ठंड से बचाव को अलाव जलाते दिखे। दिन में ठंड और ठिठुरन से लोग बेहाल रहे।
