घर-घर संपर्क साध रहे प्रत्याशी
विकासनगर
छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। रविवार को प्रत्याशियों ने घर घर संपर्क साध कर अपने पक्ष में वोट मांगे। इसके साथ ही प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अपनी प्राथमिकताओं को गिनाने का अभियान भी चला रहे हैं। छात्र संघ चुनाव में खड़े प्रत्याशी अब आम छात्र-छात्राओं के घर-घर पहुंचकर वोटों के लिए मनुहार कर रहे हैं। इसके लिए अब प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ गांवों तक दौड़ लगा रहे हैं। वहीं शहर की कॉलोनियों में किराए पर रह रहे छात्रों से सम्पर्क साध रहे हैं। सोशल मीडिया से भी प्रचार-प्रचार किया जा रहा है। प्रत्याशियों द्वारा फेसबुक पर भी वोट देने की अपील की जा रही है। पीजी कॉलेज डाकपत्थर में अध्यक्ष समेत अन्य पदों के प्रत्याशी अपनी जीत के लिए खूब पसीना बहा रहे हैं। दरअसल, पछवादून के एकमात्र उच्च शिक्षा के केंद्र वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जौनसार-बावर, पछवादून सहित हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले व उत्तर प्रदेश की बेहट तहसील के युवा शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ऐसे में ढ़ाई हजार के करीब की छात्र संख्या वाले इस महाविद्यालय में हर वर्ष छात्र संघ चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है। यहां प्रमुख तौर पर हर वर्ष आर्यन छात्र संगठन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीच ही मुकाबला रहा है। हालांकि इस बार एनएसयूआई ने विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पद पर अपना प्रत्याशी उतारकर उपस्थिति दर्ज की है।
