इंवेस्टर्स समिट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी: डॉ. भसीन

विकासनगर

भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक जिलों में प्रदेश प्रवक्ताओं की ओर से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश प्रवक्ता डॉ. देवेंद्र भसीन ने विकासनगर में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों से नए विकसित उत्तराखंड का आविर्भाव हो रहा है। लेहमन पुल स्थित एक होटल में मीडिया से रूबरू होते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि दिसंबर माह में प्रस्तावित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डबल इंजन की सरकार इसी लक्ष्य को प्राथमिकता मानते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्य धरातल पर शत प्रतिशत दिखाई दे रहे हैं। इंवेस्टर्स समिट ऐतिहासिक साबित होगी, इसकी सफलता के संकेत अभी से मिलने लगे हैं। समिट के लिए तैयार की गई योजना के अनुरूप देश, विदेश के निवेशकों द्वारा उत्तराखंड में ढाई लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया। मुख्यमंत्री ने लंदन, दुबई, यूएई और अपने देश में नई दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद आदि महानगरों में किए गए रोड शो में 94 हज़ार करोड़ के एमओयू हुए, जो तय लक्ष्य से तीन गुना से अधिक हैं। डॉ. भसीन ने कहा कि रोड शो के माध्यम से एक ओर जहां उन्होंने निवेशकों को उत्तराखंड में संभावनाओं, सरकार की नई नीतियों, प्रक्रिया के सरलीकरण और सुविधाओं की जानकारी दी गई, वहीं उत्तराखंड मूल के निवेशकों से भी मुलाक़ात कर उनसे भी उत्तराखंड में उद्योग लगाने का अनुरोध किया। बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योग स्थापित किया जाना सरकार की प्राथमिकता है। सीएम धामी का मानना है कि पलायन रोकने के लिए युवाओं को उनके घर के आसपास रोज़गार मिलना जरूरी है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यह समिट ‘एक भारत सशक्त भारत के विजन को पूरा करने में उत्तराखंड का योगदान भी सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *