जन सुनवाई में 50 शिकायतें दर्ज, 20 का मौके पर निस्तारण

विकासनगर

जन सुनवाई दिवस के मौके पर गुरुवार तहसील मुख्यालय में 50 फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर की मौजूदगी में हुए जन सुनवाई कार्यक्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय पर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। 20 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील सभागार में गुरुवार को एसडीएम विनोद कुमार की अध्यक्षता में जन सुनवाई दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान राशन कार्ड बनाने, वृद्धावस्था पेंशन, आर्थिक सहायता, भूमि विवाद से संबंधित 50 शिकायतें दर्ज की गई। फरियादी इमाम हुसैन ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, रमेश सैनी ने अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। बुजुर्ग फरियादी दयावती ने बताया कि लंबे समय उसकी जमीन पर गांव के कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। जब अतिक्रमण किया जाना शुरू हुआ तब भी शिकायत की गई थी, अब अतिक्रमणकारी ने पक्का आवास बनाकर उसकी जमीन को हड़प लिया है, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। शेरपुर से आए बुजुर्ग प्रेम सिंह राणा ने कहा कि उसके निजी रास्ते पर कुछ लोगों ने दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया। कई अन्य फरियादियों ने जमीन संबंधी विवादों के निपटारे की गुहार लगाई। इसके साथ ही विरासतन, प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन समेत कई अन्य शिकायतें दर्ज की गई, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। विधायक ने कहा कि निर्धारित समय पर समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर जनता सीधे उनके कार्यालय से संपर्क करे। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यपालिका और विधायिका का पहला दायित्व आम लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सुविधा मुहैया कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *