विरेंद्र को अध्यक्ष, सालक राम को सचिव चुना गया

विकासनगर

नवीन चकराता विकास समिति के गठन के लिए स्थानीय ग्रामीणों की बैठक रविवार को पुरोड़ी स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक समिति का गठन कर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से ग्राम टुंगरा निवासी विरेंद्र सिंह रावत को अध्यक्ष, ग्राम ठाणा निवासी सालक राम जोशी को सचिव चुना गया। वहीं ग्राम बिरमऊ के दिनेश सिंह कोषाध्यक्ष, ग्राम कुनावा के युद्धवीर सिंह को सहसचिव नियुक्त किया गया। सरंक्षक मंडल में अर्जुन दत्त जोशी, श्रीचंद जोशी, प्यारेराम तोमर, रमेश रावत, सुंदर दत्त जोशी, खजान रावत, बबल सिंह तोमर, शमशेर सिंह, राजेंद्र जोशी, खुशीराम जोशी, नारायण दत्त जोशी को नामित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने बताया की समिति का उद्देश्य चकराता के लिए स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय को क्षेत्र में स्थापित कराना, नवीन चकराता टाउनशिप के नाम पर थोपे जा रहे एमडीडीए को निरस्त कराना, वर्तमान में निर्मित सिजला खड्ड छुटऊ तोक समूह पेयजल योजना का उचित रखरखाव करना, रेडक्रॉस द्वारा अधिग्रहण की गई भूमि को पुनः ग्राम सभा मे सम्मिलित कराना है। इसके साथ ही नवीन चकराता पुरोड़ी में कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान करना, नवीन चकराता के नाम पर कहीं और चल रहे पेयजल निगम और सिंचाई विभाग के कार्यलय को वापस यहां स्थापित करने के लिए भी समिति प्रयास करेगी। बैठक में स्याणा महावीर सिंह, भाव सिंह रावत, मुकेश जोशी, यशपाल चौहान, दिगपाल सिंह, राजेंद्र जोशी, आनंद रावत, अजित सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *