सहायता उपकरण के लिए 56 नौनिहालों का पंजीकरण
विकासनगर
आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज में रविवार को समेकित शिक्षा के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपकरण परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में 56 दिव्यांग नौनिहालों का आवश्यक उपकरण दिए जाने के लिए पंजीकरण किया गया। सभी पंजीकृत नौनिहालों को एल्मिको की ओर से सहायता उपकरण मुहैया कराए जाएंगे। शिविर का उद्धाटन खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह और प्रधानाचार्य अनिल नेगी ने किया। बीईओ ने बताया कि एलिम्को की ओर से सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तहत दिव्यांगता की सशक्तीकरण के लिए सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय के एडिप योजना के तहत विशेष उपकरण वितरित किए जाते हैं। एलिम्को दिव्यांग जनों के सहायक उपकरण का निर्यात करती है। संगठन द्वारा दिव्यांग जनों को पंजीकृत कर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेष शिक्षक रीता सैनी ने बताया कि पूर्व से निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड के साथ आए नौनिहालों का पंजीकरण किया जा रहा है। उन्हें एक माह के अंदर उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। एलिम्को के चिकित्सकों ने दिव्यांग नौनिहालों का परीक्षण भी किया। इस दौरान प्रभारी बीआरसी सत्येंद्र रावत, शिविर प्रभारी विकास रोहिला, जिला समन्वयक अंजलि भट्ट आदि मौजूद रहे।
