लंबगांव में छात्रों ने अमृत कलश यात्रा निकाली
नई टिहरी
फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय नौघर की एनएसएस इकाई ने मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. डा.योगेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में अमृत कलश यात्रा निकाली। महाविद्यालय प्राचार्य ने छात्रों द्वारा अपने अपने गांवों से लाई गई मिट्टी को भारत सरकार द्वारा निर्दिष्ट पंच प्रण की प्रतिज्ञा के साथ कलश में स्थापित किया और छात्र छात्राओं को देश की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। प्राचार्य ने कहा कि देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को लेकर सभी को मिलकर आगे बढ़ना है। डा. सतेन्द्र कुमार पांडेय ने आजादी के अमृत महोत्सव पर भारत के धरती से चांद तक बढ़ते कदम, आर्थिक, सामाजिक उपलब्धियों की रूपरेखा रखते हुए छात्रों से इन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया। डा. शुभम उनियाल छात्रों को देश के लिये बलिदान देने वाले अमर सपूतों की विरासत को संजोए रखने और देश के विकास के अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने का संकल्प दिलवाया। मौके पर डा. तरुण मोहन,डा. भरत राणा, मयनी चौधरी, प्रियंका डिमरी, धनेश उनियाल, अजीत राणा, बलवीर चौहान, अरविंद, मनीषा लोकेन्द्र सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
