सिख धर्म शिक्षा संबंधी कनेक्टिकट बना अमेरिका का 18वां राज्य
वाशिंगटन
(ईएमएस)। अमेरिका की कनेक्टिकट स्टेट बोर्ड ऑफ एजुकेशन’ संगठन ने सामाजिक विज्ञान के नये पाठ्यक्रम में सिख धर्म को शामिल करने का फैसला किया है। इस पहल से कनेक्टिकट के लगभग 5 लाख 14 हजार विद्यार्थियों को सिख परंपरा के बारे में जानने का मौका मिलेगा।
सिख समुदाय लंबे समय से इसे पाठ्यक्रम में शामिल करन की मांग कर रहा था। नॉर्विच सिटी के काउंसिलमैन स्वर्णजीत सिंह ने कहा कि नया पाठ्यक्रम शिक्षा के तीनों स्तर पर सिख समुदाय के अध्ययन का अवसर प्रदान करेंगा। सिख धर्म के इतिहास और समुदाय के योगदान के बारे में छात्र-छात्राओं को कम उम्र में पढ़ाने से सुरक्षित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, सिख कोएलिशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कनेक्टिकट में नये पाठ्यक्रम को अपनाने और लागू करने की प्रक्रिया आगामी सत्र से शुरू होगी। संगठन ने कहा कि सिख कोएलिशन इस प्रक्रिया के दौरान कनेक्टिकट शिक्षा विभाग के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा, ताकि पूरे प्रांत के स्कूलों में सिख धर्म का अध्ययन सुनिश्चित किया जा सके।
गौरतलब है कि कनेक्टिकट अमेरिका का 18वां राज्य बन गया है, जहां सामाजिक विज्ञान के पाठ्यक्रम में सिख धर्म को शामिल करने के लिए सिख कोएलिशन के साथ हाथ मिलाया है। जून में वाशिंगटन ने सिख धर्म को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया था।
इससे प्रांत के ढाई करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को ज्यादा समावेशी और समग्र शिक्षा प्रदान करने की पहल को बढ़ावा मिला था। सिख धर्म दुनिया के सबसे बड़े धर्मों में से एक है जिसने नागरिक अधिकारों, राजनीति, कृषि, इंजीनियरिंग और चिकित्सा के क्षेत्र में 125 वर्षों से अधिक समय तक अमेरिकी समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
