हमास ने इजराइल और उसके नागरिकों पर किया जानलेवा हमला
यरूशलम
गाजा पट्टी से इजराइल की ओर शनिवार को दर्जनों रॉकेट दागे जाने के समाचार मिले हैं। बताया जा रहा है कि हमास ने इजराइल और उसके नागरिकों पर जानलेवा हमला किया है। जिसमें 5 लोगों की मौत व 300 लोग घायल बताए जा रहे है। वहीं दक्षिणी इजराइल में सायरन बजने लगे, जिसे राजधानी तेल अवीव में भी सुना गया। यह जानकारी आपातकालीन सेवाओं ने दी। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हम युद्ध में हैं, किसी ऑपरेशन या राउंड में नहीं। मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि आज सुबह हमास ने इजराइल और उसके नागरिकों पर एक जानलेवा हमला किया। दुश्मन को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम युद्ध में हैं और हम इसे जीतेंगे। इजरायली वायुसेना के ट्वीट के मुताबिक, इजरायली वायुसेना के दर्जनों लड़ाकू विमान अब गाजा पट्टी में कई स्थानों पर आतंकवादी संगठन हमास के ठिकानों पर हमला कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तटीय इलाके को नियंत्रित करने वाले फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
मीडिया में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, हमास नेता मोहम्मद अल-दीफ ने इजराइल के खिलाफ एक नए सैन्य अभियान अल-अक्सा फ्लड की शुरुआत की भी घोषणा की। इजराइल की मैगन डेविड एडोम रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक इसमें दो लोगों को चोटें भी आई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि रॉकेट हमलों के परिणामस्वरूप यहां पर सुरक्षा प्रमुखों की बैठक होने वाली है।
