पुरस्कार वितरण के साथ हिंदी पखवाड़े का समापन
रुड़की। केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान, सीबीआरआई में हिन्दी पखवाड़े का समापन पुरस्कार वितरण के साथ किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि आईआईटी रुड़की के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर नागेन्द्र कुमार ने कहा कि हिंदी हमारे गर्व की भाषा है। हमें नित्य संकल्प करना होगा कि हम अपने विचार नि:संकोच हिंदी में अभिव्यक्त करें और अधिकाधिक कार्य हिंदी में ही करें। संस्थान के निदेशक प्रो. आर प्रदीप कुमार ने सीएसआईआर महानिदेशक डा. एन. कलैसेल्वी द्वारा राजभाषा के अनुपालन करने के संबंध में, की गई अपील का वाचन किया तथा कहा कि सरकारी कामकाज में राजभाषा हिन्दी का प्रयोग हम सबका दायित्व है। हिन्दी एक ऐसी सरल भाषा है जो देश के जनसामान्य से जुड़ी है और प्रयोग करने में आसान है। प्रशासनिक अधिकारी परवेश चंद ने आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर एसके नेगी, डा. एसआर कराडे, डा. बीएस रावत, डा. पीसी थपलियाल, विनीत सैनी, अवनीश कुमार, राकेश पंत, वी.पी.एस. रावत, सुधीर, श्रेया, प्रियंका आदि उपस्थित रहे।
