लंबित समस्याओं का हल करने की मांग की
कोटद्वार। नगर निगम के अंतर्गत वार्ड नं. सात कौड़िया पार्षद सुभाष पांडेय ने उनके वार्डों की लंबित समस्याओं का हल करने की मांग की है। इस संबध में प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार को प्रेषित ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि इस वर्ष की आपदा में उनके वार्ड में बहुत नुकसान हुआ। आपदा के कारण वार्ड की सुरक्षा दीवारें ढह गई हैं, साथ ही बची सुरक्षा दीवार भी जर्जर स्थिति में है, जिनकी अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई है। वहीं पीड़ितों का सर्वे न होने के कारण आपदा राहत राशि से कई परिवार वंचित रह गये हैं। कहा कि उनका वार्ड अंबेडकर वार्ड है, जिसमें लोगों के नाम पर पट्टे स्वीकृत हैं, लेकिन प्रदेश सरकार से कई बार अनुरोध करने के बाद भी पट्टों को रेगुलर नहीं किया जा सका है। ज्ञापन में उन्होंने प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष से उक्त समस्याओं के निस्तारण के लिए संबधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है।
