सीएम की घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ करें पूरा : सीडीओ
पौड़ी
सीडीओ आशीष भटगाई ने सीएम घोषणाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि लंबित घोषणाओं को जल्द पूरा किया जाए। घोषणाओं से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि सीएम घोषणाएं जनहित से जुड़ी हुई हैं, लिहाजा कामों में तेजी लाई जाए। विकास भवन सभागार पौड़ी में आयोजित बैठक में सीडीओ ने सीएम घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए । बैठक में बताया गया कि पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के व्यास घाट से रिखणीखाल-बीरोंखाल मोटर मार्ग का सुधारीकरण व बोन्साल पुल निर्माण कार्य को सीएम घोषणाओं के तहत पूर्ण कर लिया गया है। वही पौड़ी बस अड्डे के निर्माण हेतु प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि द्वितीय चरण हेतु आवंटित धनराशि कार्यदाई संस्थाओं को बीते मार्च में अवमुक्त कर दी गई है। इसके अलावा नगर पालिका परिषद पौड़ी में कूड़ा निस्तारण के लिए कार्य योजना पर वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद पर्यावरण मूल्यांकन हेतु कार्यवाही गतिमान है। जिला चिकित्सालय पौड़ी में चिकित्सकों के सरकारी आवासों का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। साथ ही पौड़ी के रांसी स्टेडियम के विस्तारीकरण का कार्य भी सीएम घोषणाओं के तहत पूरा कर लिया गया है। श्रीनगर विधानसभा की समीक्षा दौरान बताया गया कि खिर्सू में स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा पूरा कर लिया गया है। खिर्सू को पर्यटन की गतिविधियों के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई डीपीआर के तहत निर्माण कार्य गतिमान है। सीडीओ ने कोरोना काल में अपने घर गांव लौटे प्रवासियों के लिए स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम डा. एसके बरनवाल, नगर आयुक्त कोटद्वार पीएल शाह, मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार, सीईओ मदन सिंह रावत आदि शामिल थे।
