पुरानी पेंशन बहाली समय की मांग
पौड़ी
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने पुरानी पेंशन को लागू करने की मांग उठाई है। मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन समय की मांग है। सरकार को इसे जल्द लागू करना चाहिए। बुधवार को ऑनलाइन आयोजित बैठक में मोर्चा के पदाधिकारियों ने पिछले एक साल में किये गए प्रदर्शन व रैलियों का ब्यौरा कर्मचारियों के सम्मुख रखा है। बैठक में मोर्चा के प्रदेश प्रेस सचिव डा. कमलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि मोर्चा पिछले लंबे समय से पुरानी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर कई आंदोलन कर चुका है। कहा कि बीते अप्रैल माह में कुमाउं मण्डल की रैली आयोजित होनी थी लेकिन कोविड के चलते इसकी स्वीकृति नही मिली। प्रदेश महिला उपाध्यक्ष योगिता पन्त ने कहा कि कोविड के सामान्य होते ही पुन संघर्ष किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने कहा कि लगातार राज्य में मोर्चा हर जगह पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बुलंद करता आया है लेकिन सरकार इस ओर कोई कदम नहीं उठा रही है। जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बनी है। प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि कोरोना काल के सामान्य होने के बाद जल्द ही शासन गंभीरता से इस मुद्दे पर केंद्र से बातचीत करे इसके लिए योजना बनाई जाएगी। इस मौके पर मोर्चे के अध्यक्ष अनिल बडोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश पसबोला, प्रदेश संयोजक मिलिन्द बिष्ट आदि शामिल थे।
