चकराता तहसील में एसडीएम और तहसीलदार तैनाती की मांग

विकासनगर

मंगलवार को चकराता पहुंचे काबीना मंत्री बंशीधर भगत से स्थानीय लोगों ने चकराता तहसील में एसडीएम और तहसीलदार को तैनात करने की मांग की। इस सम्बंध में जनप्रतिनिधियों और समाज सेवियों ने काबिना मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा है। चकराता में काबीना मंत्री से मिले जनप्रतिनिधियों ने उनका ध्यान लंबे समय से कालसी, चकराता और त्यूणी तहसील में एक ही एसडीएम और तहसीलदार की तैनाती पर खींचा। बताया कि तीन तहसीलों में एक ही एसडीएम और तहसीलदार तैनात होने से क्षेत्रवासियों के काम काज प्रभावित हो रहे हैं। एक अधिकारी एक ही समय में तीनों तहसीलों में मौजूद नहीं रहने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। जरूरी काम काज के लिए लोगों को दूसरी तहसीलों की दौड़ लगानी पड़ती है। बताया कि इस सम्बंध में पहले भी कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई सुनवाई न होने से क्षेत्रवासी निराश हैं। उन्होंने काबीना मंत्री से तीनों तहसीलों में अलग-अलग एसडीएम और तहसीलदार तैनात करने के साथ व्यापारियों के हक में बाजार खोलने की मांग भी की। ज्ञापन सौंपने वालों में आनंद सिंह, तीर्थ कुकरेजा, पंकज जैन, सुनील जैन, अंकित आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *