जरूरतमंदों की मदद को शिक्षा विभाग ने चलाया अभियान

विकासनगर

कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए अब शिक्षा विभाग ने भी अभियान शुरू किया है। इसके लिए विभाग की ओर से गांवों में सर्वेक्षण कर जरूरतमंद परिवारों को राशन और अन्य आवश्यक सामग्री बांटी जा रही है। मंगलवार को शिक्षा विभाग के कालसी ब्लॉक मुख्यालय की ओर से जुड्डो में मजदूर परिवारों को राशन और रोजमर्रा का जरूरी सामान वितरित किया गया। कालसी की खंड शिक्षाधिकारी पूजा नेगी दानू ने बताया कि ब्लॉक के प्रत्येक विद्यालय की ओर से अपनी इच्छा के अनुसार सहायता राशि सीईओ कार्यालय में जमा की गई। शासकीय, अशासकीय सभी विद्यालयों की ओर से सहायता राशि दी गई। जिसके बाद सीईओ कार्यालय से राशन और अन्य जरूरी सामान बीईओ कार्यालय पहुंचाया गया। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ओर से सहायता मुहैया कराई जा रही है। मंगलवार को सीईओ कार्यालय से सामग्री को शिक्षकों ने जुड्डो में मजदूर परिवारों के साथ ही जरूरतमंद ग्रामीणों को वितरित किया। बताया कि इन दिनों शिक्षक गांवों में जाकर जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर रहे हैं। सीईओ कार्यालय से मिली सामग्री के साथ स्थानीय स्तर पर एकत्र की गई सामग्री भी जरूरतमंदों को बांटी जाएगी। इसके लिए उन परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन परिवारों के सदस्य महामारी के दौरान बेरोजगार हुए हैं। बीईओ ने बताया कि जल्द ही पछुवादून के अन्य ब्लॉक में भी शिक्षा विभाग की ओर से गांवों में जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरित की जाएगी। सामग्री वितरित करने वाली टीम में बीईओ के साथ ही पीतांबर तोमर, सुनील शर्मा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *