ठग ने महिला की सोने की चेन और अंगूठी उड़ाई
ऋषिकेश। त्रिवेणी घाट पर पहुंची एक महिला को बातों में उलझाकर अज्ञात शख्स उसकी सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की है, जिसपर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस घाट व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक चौदबीघा, ऋषिकेश निवासी एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि वह त्रिवेणीघाट पर पहुंची थी। इसी बीच एक अज्ञात शख्स ने उसे बातों में उलझाकर तीन तोले की सोने की चेन और अंगूठी उड़ा ली और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। कोतवाल खुशी राम पांडे ने बताया कि महिला को अज्ञात ठग ने बातों में उलझाकर वारदात को अंज्ञात दिया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 406 के तहत केस दर्ज किया है। अज्ञात की पहचान कर धरपकड़ के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
