ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में डेंगू के चार मरीज भर्ती
ऋषिकेश। नगर क्षेत्र में डेंगू मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। अभी तक डेंगू के 45 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, शुक्रवार को भी एक 55 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि हुई। जागरूकता के साथ कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और फॉगिंग की मरीजों की संख्या को कम नहीं कर पा रही है। सरकारी अस्पताल में डेंगू के चार मरीज अभी भी भर्ती हैं। बरसात में जलभराव से प्रभावित गंगानगर और आसपास के इलाकों में ज्यादातर मामले सामने आए हैं। मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम क्षेत्र से भी डेंगू की जांच के लिए मरीज एसपीएस राजकीय चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द के लक्षण वाले मरीजों को अस्पताल के चिकित्सक डेंगू की जांच की सलाह दे रहे हैं। शुक्रवार को 30 मरीजों की डेंगू जांच की गई, जिसमें टिहरी की एक महिला की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई। 20 अगस्त के बाद सामने आए डेंगू के मामलों की संख्या में अब सरकारी अस्पताल में 46 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के पर्यवेक्षक एसएस यादव के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग और वॉलिंटियर्स की टीम शहर के साथ सटे इलाकों में लगातार घरों तक पहुंच रही है। उन्हें खुले में साफ पानी जमा होने से रोकने के लिए जागरूक कर रही है। गमलों आदि की नियमित सफाई के लिए भी कहा जा रहा है। खाली भूखंडों में भी जमा पानी को नगर निगम व अन्य महकमों के माध्यम से निकाला जा रहा है। दवाओं का छीड़काव भी कराया जा रहा है।
