एनएचएम कर्मचारियों ने दी कोरोना वॉरियर्स के प्रमाणपत्र लौटाने की चेतावनी
पौड़ी।
हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड पे लागू करने और नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम कर्मचारियों ने 13 दिसंबर को कोरोना वॉरियर्स के प्रमाणपत्र लौटाने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने कहा कि जल्द ही समस्या का हल नहीं होने पर सोमवार से उग्र आंदोलन किया जाएगा। अपनी दो सूत्रीय मांगों को हल करने की मांग को लेकर प्रदेश संगठन के आह्वान पर जिले के 300 कर्मचारी बीती 7 दिसंबर से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने 3 दिवसीय राष्ट्रीय शोक के चलते शांति पूर्ण रूप से धरना दिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन की महिला उपाध्यक्ष निम्मी कुकरेती ने कहा कि अभी तक शांति पूर्ण ढंग से आंदोलन किया गया। 13 दिसंबर को सभी कर्मचारी सरकार द्वारा दिए गए कोरोना वारियर्स के प्रमाण पत्र लौटाएंगे। कहा कि सरकार कोरोना वारियर्स का अपमान कर रही है। जिससे नाराज होकर कर्मचारी अपने प्रमाण पत्र लौटाएंगे। संगठन के सचिव आशीष डोभाल ने कहा कि संघ अब सड़को पर उतरेगा और सोमवार से उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर रमेश आर्य, डा.पंकज जुयाल, निम्मी कुकरेती, रेखा रावत, स्वाती तड़ियाल, कंचन रावत, मनमोहन, विधि, प्रियांक, शरद, मनीष, निखिल रावत आदि शामिल थे।
