संकुल स्तर पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
ऋषिकेश। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास में सम्मान समारोह हुआ। जिसमें संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। शुक्रवार को आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड के प्रांत शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील व नगर प्रचारक नितिन ने संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही खेलकूद में प्रतिभाग करने से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि बीते दिनों हुई संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में आदित्य नौटियाल ने चक्का फेंक, अभिजीत ने भाला फेंक, एहतेशाम ने ऊंची कूद व खुशी चौधरी ने 200 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है। वहीं विभिन्न खेलों में प्रियांशु, नेहा, दिव्यांशु, कन्हैया ने रजत तथा नाजिया, सक्षम और आशीष ने कांस्य पदक प्राप्त किया। मौके पर उपप्रधानाचार्य सतीश चौहान, रामगोपाल रतूड़ी, रीना पाटिल, राजू शर्मा, प्रवेश कुमार, आरती बडोनी, सुबोध नारायण, अनिल भंडारी, संदीप कुमार, राजेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
