निर्माणधीन मकान से चोरी में युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश। मियांवाला में निर्माणाधीन मकान से चोरी के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की बिजली की तार और कटर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक जमला देवी रावत निवासी आनंद विहार, मियांवाला डोईवाला के घर का निर्माण चल रहा है। वसीम निवासी चांदमारी, डोईवाला पर निर्माणाधीन मकान से बिजली की तारें चोरी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी वसीम से बिजली की तार के पांच बंडल, तार काटने का कटर और तारों के कई टुकड़े बरामद किए। एसएसआई राकेश शाह ने बताया कि बरामद सामान की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। जमला देवी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
