लक्सर में अन्य 27 सरकारी स्कूल भी चमकाए जाएंगे
रुड़की। लक्सर के 27 और सरकारी स्कूलों में शिक्षा के संसाधन और गुणवत्ता बढ़ाई जाएंगी। सीएम के साथ अधिकारियों की बैठक के बाद प्लान इंडिया ने दूसरे चरण में इन स्कूलों का चयन किया है।रिलेक्सो फुटवियर्स के मुख्य वित्त अधिकारी सुशील बत्रा तथा सीएसआर हेड गंभीर अग्रवाल ने देहरादून में सीएम धामी से मुलाकात की। बताया कि उनकी संस्था प्लान इंडिया खानपुर के सरकारी स्कूलों में आदर्श परिवर्तन परियोजना के तहत 2018 से शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधन बढ़ाने का काम कर रही है। वहां 61 स्कूलों में उनकी जरूरत के मुताबिक मुख्यद्वार, शौचालय, चाहरदीवारी, स्टेज, पेयजल स्टेशन और ध्वजारोहण स्थल बनाए गए हैं। यहां साढ़े सात हजार छात्र-छात्राओं को 57 हजार कापियां, पेंसिल किट, ड्राइंग बुक, कलर दिए गए हैं। शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) के सदस्यों को प्रशिक्षण देकर जागरूकता बढ़ाई गई है।
