हर घर में गोपालन किया जाना चाहिए: रविंद्रपुरी
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने नागपंचमी के अवसर पर 11 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, हवन पूजन और 51 गायों के चरण छुकर अखाड़े में निर्मित गोशाला का उद्घाटन किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि गोमाता जीवन का आधार है। प्रत्येक घर में गोपालन किया जाना चाहिए और सभी को गोवंश के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस घर में गाय की सेवा होती है, वहां साक्षात भगवान का वास होता है। सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने कहा कि सनातन धर्म में कोई भी संस्कार गोमूत्र और गोदुग्ध के बिना संपन्न नहीं होता है। इस मौके पर अखाड़े के पंचपरमेश्वर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी महेशानंद महाराज, महंत राधे गिरी, अनिल शर्मा, डा.सुनील बत्रा सहित बड़ी संख्या में संत मौजूद रहे।
