टेलीकॉम संचालक पर धोखाधड़ी कर सिम बेचने का आरोप
रुडकी। एयरटेल लिमिटेड के नोडल ऑफिसर ने पुलिस को तहरीर देकर कस्बे के एक टेलीकॉम संचालक पर धोखाधड़ी कर सिम बेचे जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। एयरटेल लिमिटेड के नोडल ऑफिसर कुशलेंद्र त्रिपाठी निवासी टीसीजी 7/7 विभूति खंड गोमती नगर लखनऊ ने पुलिस को तहरीर देकर कस्बे में स्थित सोमेंद्र टेलीकॉम के संचालक पर 186 प्रीपेड व पोस्टपेड सिमो को धोखाधड़ी से कागज तैयार कर बेचे जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नोडल ऑफिसर की तहरीर के आधार पर टेलीकॉम संचालक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
