अतिथि शिक्षकों में समायोजन न होने से आक्रोश
पिथौरागढ़। अतिथि शिक्षकों का समायोजन न होने पर शिक्षा विभाग की कार्यशैली को लेकर आक्रोश जताया है। अन्य जनपदों में समायोजन होने व जनपद में शिक्षा विभाग की लेटलतीफी के चलते अतिथि शिक्षकों का अभी तक समायोजन नहीं हो पाया है। उन्होंने विधायक महर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। शनिवार को अतिथि शिक्षकों ने सुरक्षित भविष्य व समायोजन की मांग को लेकर विधायक मयूख महर को ज्ञापन दिया। कहा कि दुर्गम अति दुर्गम में अतिथि शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सीधी भर्ती, प्रमोशन, स्थानांतरण होने पर पिथौरागढ़ में 35 व राज्य में 400 से अधिक अतिथि शिक्षक प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक व्यायाम,हिन्दी,कला सहित अन्य विषय के अतिथि शिक्षकों को हटाया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से कोई ठोस नियमावली न बनने के कारण अतिथि शिक्षक खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। विधायक महर ने फोन पर डीएम रीना जोशी,मुख्य शिक्षाधिकारी एके जुकरिया को फोन कर अतिथि शिक्षकों का जल्द समायोजन करने के आदेश दिए। इस दौरान सोहन सिंह गोबाडी,घनश्याम जोशी,किरन पंत,विनोद कुमार,चंद्र मोहन पुजारा मौजूद रहे।
