बिना शुगर जांच किये दांत निकालने पर दिक्कत का आरोप

श्रीनगर ग़ढ़वाल।

बेस अस्पताल के दंत रोग विभाग के डॉक्टरों पर बुजुर्ग का दांत निकालने के बाद परिजनों ने कान और आंख में दिक्कत होने का आरोप लगाया है। कहा कि डॉक्टरों ने बिना बीपी और शुगर चेक किये ही बुजुर्ग का दांत निकाला गया। जिससे बुजुर्ग के पहले कान पर दिक्कत हुई, उसके बाद एक आंख नहीं खुली। जिससे परिजन बुजुर्ग को बेस अस्पताल के इमरजेंसी में लाये है, जहां बुजुर्ग का इलाज नेत्र रोग विभाग के अधीन चल रहा है।
श्रीकोट के सभासद विभोर बहुगुणा ने कहा कि उनके 85 वर्षीय पिता हरीश बहुगुणा बिना घर में बताये विगत आठ नवम्बर को बेस अस्पताल के दंत रोग विभाग में दांत में दर्द होने पर उसे निकालने के लिए चले गये, किंतु उन्हें शुगर एवं बीपी की दिक्कत थी, तो दंत रोग विभाग के डॉक्टरों ने बिना शुगर और बीपी देखे दांत निकाल दिया। बहुगुणा ने कहा कि जब दांत निकालकर उनके पिता घर पहुंचे तो इसके बाद उन्हें जानकारी लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दांत निकालने के बाद उनके पिता की पहले कान में दिक्कत हुई, उसके बाद एक आंख भी बंद हो गयी। कहा कि कान की दिक्कत थोड़ा कम होने के बाद शनिवार को उनके पिता की एक आंख की पलकें पूरी तरह से बंद हो गई। जिससे उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि बिना शुगर चेक किये ही दांत निकालने से उनके पिता के साथ उक्त घटना हुई है। कहा कि आंख न खुलने पर इमरजेंसी में उनके पिता का इलाज नेत्र रोग विभाग के डॉक्टर कर रहे है। इधर दंत रोग विभाग के एचओडी डॉ. अरूण गोयल ने बताया कि जब बुजुर्ग का दांत निकाला तो उनका शुगर ठीक था। दांत निकालने के बाद कान और आंख में दिक्कतें होने का आरोप गलत है। बुजुर्ग ने पहले ही कान की दिक्कत बतायी थी। दंत रोग विभाग की ओर से किसी भी तरह लापरवाही नहीं बरती गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *