प्रतिनिधि सम्मेलन में उठेगा 20 गांव का मुद्दा : बाजवा
काशीपुर। रुद्रपुर के पुरानी अनाज मंडी में आज यानी रविवार को प्रस्तावित संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों के सम्मेलन में 20 गांव का मुद्दा शोर-जोर से उठाया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी। यह बात किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने पत्रकार वार्ता में कही।
शनिवार को भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक बाजवा ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के सम्मेलन में विशेष रूप से बाजपुर के 20 गांव की 5838 एकड़ भूमि के विषय पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद आगामी आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा हजारों किसान, मजदूर, व्यापारी परिवार 3 सालों से अधिक समय से अपनी जमीनों के भूमिधरी अधिकार वापस मांग रहे हैं। लेकिन सरकार के उपेक्षा पूर्ण रवैये के चलते अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कहा भाजपा सरकार के तीन-तीन मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने आश्वासन तो दिए, पर समस्या का समाधान नहीं किया। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मामले में ठोस आश्वासन दिया था। आधा अधूरा प्रयास करने के बाद वह चुप्पी साधे हैं। सांसद भी इस विषय पर कुछ नहीं बोल रहे हैं और न ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस पर सदन में कोई आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। कहा सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलीभगत कर किसानों से जमीन छीनने का षड्यंत्र रच रही है। जिसे किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
