शहर से ज्यादा देहात में कोरोना संक्रमित
रुडकी
कोरोना वायरस का संक्रमण अब शहर से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र में कहर ढा रहा है। लक्सर के गांवों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद जिस तेजी से बढ़ रही है, उसने देहात क्षेत्र के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। एसडीएम ने इस पर चिंता जताते हुए हर गांव में कोविड नियंत्रण के लिए निगरानी टीम गठित की है। पिछले साल कोरोना का सबसे ज्यादा असर नगरीय क्षेत्र में था। नगर से सटे एक दो गांवों में ही कोरोना के इक्का दुक्का मरीज मिले थे। लेकिन इस बार कोरोना वायरस का संक्रमण नगर से कहीं जयादा देहात में फैल रहा है। लक्सर में इस समय कुल 232 संक्रमित हैं, जिनमें 88 नगर में और जबकि बाकी 144 गांवों में हैं। इसी तरह खानपुर देहात में इस समय कुल 53 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। यही नहीं, देहात में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। ग्रामीण रणवीर सिंह, कुंवर सिंह, कर्णपाल सिंह ने बताया कि देहात में लोग मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। देर शाम तक दुकानों पर भीड़ रहती है। वहां पुलिस, प्रशासन की गश्त भी कम है। इससे संक्रमण बढ़ रहा है।
