परिसंपत्तियों की सूचना नहीं देने पर अफसरों का स्पष्टीकरण तलब

पौड़ी। राज्य के विभिन्न विभागों की भूमि, परिसंपत्तियों के अतिक्रमण को तत्काल रोके जाने व हटाए जाने को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अभी तक कई विभागों द्वारा परिसंपत्ति की सूचना नहीं दिए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इन विभागों का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम डा.आशीष चौहान ने सभी अफसरो को अपने विभागों की भूमि, परिसंपत्ति का ठीक तरह से आंकलन कर उसे परिसंपत्ती आधार पंजिका में दर्ज करते हुए प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सामने आया कि करीब ढेड़ दर्जन विभागों द्वारा परिसंपत्ती की सूचना अब तक नहीं दिए जाने पर डीएम ने एडीएम को संबंधित विभागों के स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में जिन विभागों द्वारा परिसंपत्ति की आधार पंजिका व प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो उनके विरूद्व कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि जिन विभागों की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण है उसे हटाए जाने को लेकर तत्काल कार्य करे। उन्होंने कहा कि परिसंपत्ति आकलन का कार्य सही सावधानीपूर्वक करें, जिससे किसी भी दशा में गलत विवरण दर्ज ना हो सके। बैठक में एडीएम ईला गिरी, डीएफओ सिविल एवं सोयम केएन भारती, एएसपी संचार अनूप काला, एसडीएम मुक्ता मिश्रा, आकाश जोशी, आरटीओ अनिता चंद, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *