चुनावों में भारी जीत दर्ज करेगी भाजपा: मैखुरी

चमोली। महाजनसंपर्क अभियान के समाप्त होने के बाद भाजपा के चमोली जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने कहा कि अभियान के तहत चमोली से लाखों लोगों ने मिस्ड कॉल देकर प्रधानमंत्री मोदी को समर्थन दिया है। मैखुरी ने कहा कि लोक सभा और निकाय चुनावों में भाजपा भारी जीत दर्ज करेगी जिसके लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। वन विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। केदारनाथ पुनर्निर्माण से लेकर कर्णप्रयाग रेल लाइन और ऑलवेदर रोड के साथ ही बदरीनाथ का मास्टर प्लान सहित कई काम हुए हैं। यही नहीं हेमकुंड रोप वे सहित भारत माला परियोजना पर काम चल रहा है। प्रदेश सरकार ने स्कूलों के साथ ही अब घरों में भी प्रमाण पत्र बनाए जाने की योजना से लोगों को राहत मिल रही है। वहीं नए हिल स्टेशन बनाने और गौचर को वेलनेश शहर बनाए जाने को भी पहाड़ के लिए लाभदायी बताया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष संजय रावत, नगर अध्यक्ष सुभाष चमोली, नगर उपाध्यक्ष आलम सिंह पंवार सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *