स्वच्छता सप्ताह के तहत चमोली में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया

चमोली।  स्वच्छता सप्ताह के तहत रविवार को पूरे जनपद चमोली में श्रमदान कर वृहद स्तर पर विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं माननीय जनपद न्यायाधीश श्री धनंजय चर्तुवेदी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिला स्तरीय अधिकारियों, विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्यों, अधिवक्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस के छात्र छात्राओं, शिक्षकों, पर्यावरण मित्रों, समाज सेवी संस्थाओं एवं जन प्रतिनिधियों ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता रैली के साथ श्रमदान कर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नुक्कड नाटकों के माध्यम से लोगों का स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। स्वच्छता कार्यक्रम के तहत अपर नेग्वाड, मंडल वाई पास एवं नगर पालिका के विभिन्न क्षेत्रों में श्रमदान कर वृहद साफ सफाई करने के बाद पौधारोपण भी किया गए। जिला पंचायत सभागार में स्वच्छता सप्ताह कार्यक्रम समापन हुआ।
गोपेश्वर जिला न्यायालय परिसर में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री धनंजय चतुर्वेदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए स्वच्छता कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी को सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही स्वच्छता सप्ताह कार्यक्रम में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने वाले छात्र छात्राओं, गणमान्य नागरिकों, पर्यावरण मित्रों एवं स्वयं सहायता समूहों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि मा. उच्च न्यायालय उत्तराखंड के तत्वाधान में जिला प्रशासन, समाज सेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों सहित सभी के सहयोग से 12 जून से 18 जून, 2023 तक विशेष स्वच्छता सप्ताह आयोजन किया गया। जिसमें सभी ने प्रतिभाग कर अपना योगदान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को साफ सुथरा रखना हर नागरिक का दायित्व है। हमें अपने जीवन में निरंतर स्वच्छता अभियान जारी रखना चाहिए। गीला व सूखा कूड़ा अलग कर पर्यावरण मित्रों के माध्यम से निस्तारण कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई केवल किसी एक संस्था का काम नही है बल्कि इसमें सबको जागरूकता से कार्य करना चाहिए। इसके बाद मा. जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रैली को रवाना किया।
स्वच्छता कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा पासवान, पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे, डीएफओ इन्द्र सिंह नेगी, मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी डा.अभिषेक त्रिपाठी, ईओ सुधीर कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर, जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता, जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, समाज सेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण मित्र आदि शामिल थे।
जनपद के नगर निकाय जोशीमठ, पीपलकोटी, बद्रीनाथ, कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण, थराली, नारायणबगड़, पोखरी सहित ग्राम पंचायतों में भी वृहद स्तर पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *