चिह्नित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द होगी: एसपी
पिथौरागढ़। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा जनपद में विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित किया गया है। जल्द ही अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बाहर से आने वाले लोगों पर पुलिस से कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। कहा सीमा से सटे क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में पुलिस तत्परता दिखाए। शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनपद की कानून व्यवस्था की जानकारी ली। वर्तमान में जनपद स्तर पर चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के तहत की गई कार्रवाई की भी उन्होंने समीक्षा की। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करें। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे धारचूला, जौलजीबी, बलुवाकोट, झूलाघाट में बाहरी देशों से आने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनका सत्यापन हर हाल कराएं। इस दौरान उन्होंन अवैध शराब, खनन, स्मैक, चरस पर अंकुश लगाने, धोखाधड़ी और साइबर क्राइम से जुड़े मामलों में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और संबंधितों को कार्रवाई के आदेश दिए।
