डीएम रीना जोशी की अध्यक्षता में हुई योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक
0
पिथौरागढ़। आगामी 21 जून को जनपद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। यह बात जिलाधिकारी रीना जोशी ने विकास भवन सभागार में योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक में कही। शनिवार को डीएम जोशी ने कहा मुख्य योग कार्यक्रमों का आयोजन मोस्टमानू मंदिर परिसर एवं गंगोलीहाट में स्थित हाट कालिका मंदिर परिसर से लगे जीआईसी में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे होगा। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिए कि मोस्टमानू मंदिर परिसर में होने वाले कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। स्कूली बच्चों, एनसीसी, होमगार्ड एवं आमजन को भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने को प्रेरित किया जाए। कहा कार्यक्रम स्थल मोस्टमानू मंदिर परिसर में पतंजलि योग समिति पिथौरागढ़ को योग सत्र व मंच संचालन की जिम्मेदारी दी है। जल संस्थान के अधिकारी को पेयजल व्यवस्था, पीडी डीआरडीए को टैंट और साउंड सिस्टम, ईई विद्युत को विद्युत व्यवस्था, एएमए जिला पंचायत को अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने एसडीएम गंगोलीहाट को योग कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। यहां एसडीएम अनुराग आर्य, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएस ह्यांकी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ .ज्योत्सना सनवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, उप प्रभागीय वनाधिकारी ज्वाला प्रसाद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सीबी पुन, मुख्य कृषि अधिकारी रितु टम्टा, एडीपीआरओ गंगा वल्दिया रहीं।
