पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क बन रही दुर्घटना का सबब

विकासनगर। पछुवादून क्षेत्र अंतर्गत जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें मुसाफिरों के लिए जी का जंजाल बन रही हैं। जगह-जगह खोदी गई सड़कों से यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार खोदी गई सड़कों की मरम्मत करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। ताजा मामला अंबाड़ी बाईपास का है। इस मार्ग पर ब्रह्मदत्त चौक से बालावाला तक तीन किमी के दायरे में 13 जगहों पर सड़क को खोदी गई है। पाइप लाइन बिछाने के बाद मिट्टी और पत्थर डालकर सड़क को भर दिया गया है। इन पत्थरों से कई दुपहिया वाहन चालक गंभीर घायल हो चुके हैं। स्थानीय बाशिंदे रामकृष्ण सेमवाल, प्रवीन शर्मा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र नेगी ने बताया कि पंद्रह दिन पहले पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका था, जिसके बाद खोदी गई जगहों पर सिर्फ मिट्टी, पत्थर भर दिए गए। इन दिनों चार धाम यात्रा को जाने वाले सभी वाहन इसी मार्ग से होकर गुजर रहे हैं। इसके साथ ही कालसी और उत्तरकाशी की ओर से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से देहरादून जाते हैं। लिहाजा यहां दिन भर यातायात का दबाव बहुत अधिक रहता है। ऐसे में बड़े यात्री वाहनों की आवाजाही के दौरान खोदी गई जगहों पर दुपहिया वाहनों के पलटने से बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय बाशिंदों ने बताया कि अभी तक दस दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार खोदी गई सड़क की मरम्मत करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही सड़क पर पैच वर्क करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *