सीएमओ ने देखी जौनसार बावर के अस्पतालों की बदहाल हालत
विकासनगर। जौनसार बावर परगने की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को सीएमओ ने पहाड़ चढ़कर अस्पतालों की वास्तविकता को देखा। उन्होंने अस्पतालों की दशा पर चिंता जताते हुए जल्द व्यवस्थाएं सुधारने का आवश्वासन दिया। पीएचसी कालसी में निरीक्षण को पहुंचे सीएमओ डॉ. संजय जैन ने ओपीडी, दवाइयों के स्टॉक और कर्मियों की उपस्थिति पंजिका जांची। इसके बाद उन्होंने सीएचसी साहिया का दौरा किया। यहां ओपीडी में उपचार को आए मरीजों ने बताया कि चिकित्सकों के स्वीकृत 14 पदों में से सिर्फ सात पदों पर ही तैनाती है। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी अस्पताल में मौजूद नहीं है। किसी भी विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती नहीं होने से समय पर उपचार नहीं मिलता है। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रा साउंड कराने के लिए विकासनगर जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जल्द सभी सुविधाएं मुहैया कराए जाने की मांग की। सीएचसी चकराता पहुंचे सीएमओ को यहां भी अस्पताल की बदहाल दशा देखने को मिली। अस्पताल में सर्जन का पद स्वीकृत है, लेकिन ऑप्रेशन थिएटर की सुविधा नहीं है। इसके साथ ही अस्पताल में जगह की भी कमी है। आवासीय कालोनियां भी जर्जर हो चुकी हैं। सीएमओ ने दवाइयों को स्टॉक और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने जौनसार बावर के अस्पतालों की जल्द दशा सुधारने का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. गरिमा भट्ट, डॉ. विक्रम तोमर, डॉ. ममता नेगी, डॉ. विपिन तोमर, संजय धस्माना, आजाद सिंह, भूपेंद्र सिंह, सतपाल, हुकम सिंह, खुशीराम वर्मा आदि मौजूद रहे।
