प्रतिबंधित व ओवर लोड खनन सामग्री के चार डंपर सीज किये
विकासनगर। बाहरी प्रदशों से धुली हुई बजरी के प्रवेश पर प्रदेश में पूरी तरह से रोक लगाई गयी है। इसके बावजूद खनन माफिया चोरी-छिपे प्रदेश में प्रतिबंधित खनन सामग्री की सप्लाई करने में लगे हुए हैं। गुरुवार देर रात को हिमाचल प्रदेश की ओर से कुल्हाल स्थित धर्म कांटा पर चार डंपरों में ओवरलोड डस्ट के नीचे प्रतिबंधित धुली रेत पाई गयी। जिस पर पुलिस ने चारों डंपर सीज कर दिए। हिमाचल प्रदेश सहित हरियाणा व पंजाब की धूली हुई बजरी पर उत्तराखंड में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। इसके बावजूद खनन माफिया चोरी छिपे किसी भी तरह से प्रतिबंधित खनन सामग्री को उत्तराखंड पहुंचाने पर आमादा है। हाल के दिनों में पुलिस व वन विभाग की टीम लगातार कुल्हाल बैरियर पर प्रतिबंधित खनन सामग्री की चेकिंग कर रही है। बीते गुरुवार की देर रात का खनन माफिया के चार डंपर भारी भरकम खनन सामग्री लेकर उत्तराखंड में प्रवेश कर रहे थे। तभी पुलिस ने कुल्हाल धर्मकांटे पर चारों डंपरों को रोक दिया। जिनमें नियम विरुद्ध निर्धारित मात्रा से तीन गुना अधिक खनन सामग्री पायी। यही नहीं प्रतिबंधित खनन सामग्री को डंपर के अंदर डस्ट के नीचे दबााया गया था। जब डंपर के अंदर पुलिस की टीम ने डस्ट को खोद कर निकाला तो करीब तीन फीट नीचे प्रतिबंधित खनन सामग्री बरामद की गयी। जिस पर पुलिस ने प्रतिबंधित खनन सामग्री और ओवरलोडिंग में चारों डंपर सीज कर दिये हैं। चौकी प्रभारी कुल्हाल प्रवीण सैनी ने बताया कि कार्रवाई की संस्तुति कर खनन विभाग व जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है।
