लोहाघाट में पेयजल संकट
चम्पावत। नगर लोहाघाट में पेयजल संकट पैदा हो गया है। घरों में तीसरे और चौथे दिन पानी आ रहा है। लोगों ने जलसंस्थान से जल्द पेयजल व्यवस्था सुचारु करने की मांग उठाई। नगर लोहाघाट के कई मुहल्लों में दूसरे दिन पेयजल आपूर्ति हो रही है। अधिकतर मुहल्लों में चौथे दिन भी पानी नहीं मिल पा रहा है। सभासद राजकिशोर साह, त्रिभुवन बोहरा, कमला साह, विनीत पंत, कविता मेहता, सरिता मेहता, पदमा दत्त पांडेय, जगराज सिंह देऊपा ने कहा कि उनके घरों में जलसंस्थान कभी चौथे तो कभी पांचवे दिन केवल 20 मिनट के लिए पानी दे रहा है। ऐेसे में वह अपना जरुरी कामकाज छोड़कर नौले, धारों की शरण ले रहे हैं। सभासद राजकिशोर साह ने कहा कि जलसंस्थान की वितरण प्रणाली भी सही न होने के कारण लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जलसंस्थान किसी भी प्रकार से लोगों को पानी मुहैय्या करवाए। अगर विभाग उनको पानी देने में सक्षम नहीं होता है तो वह विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जलसंस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि नगर में कुल 2160 केएल के सापेक्ष चार योजनाओं से 490 केएल पानी मिल रहा है। इसके अलावा मुख्य टेंक में टैंकरों के माध्यम से पानी डाला जा रहा है।
