अनुभवी पूर्व सैनिक को सरकार में मिले दायित्व

ऋषिकेश। सैनिक समाज पार्टी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार में अनुभवी और निष्ठावान पूर्व सैनिक को दायित्व देने की मांग उठाई है। एक स्वर में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल नहीं होंगे। सोमवार को ऋषिकेश विस्थापित क्षेत्र में सैनिक समाज पार्टी की कार्यकारणी की बैठक में उत्तराखंड के कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। राष्ट्र व समाज के प्रति समर्पित सैनिकों ने सैनिकों हित पर चर्चा की। कहा कि सभी राजनीतिक दल पूर्व सैनिक और उनके परिजनों को वोट बैंक बना कर चुनाव में इस्तेमाल करते हैं। चुनाव के बाद पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की कोई सुध नहीं लेता, इससे पूर्व सैनिक खुद को ठगा महसूस करते हैं। सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट बैंक नहीं बनेंगे। कहा कि सैनिक समाज पार्टी सरकार से आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व सैनिकों में से भी किसी अनुभवी तथा निष्ठावान पूर्व सैनिक को सरकार में दायित्व देने की अपील करती है। डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि इस मुद्दे पर जल्द एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। पूर्व सैनिकों की पेंशन से लेकर परिवार संबंधी समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। मौके पर कर्नल बलवीर सिंह पंवार, कैप्टन भगत सिंह राणा, कैप्टेन वीरेंद्र सिंह बिष्ट, सैन सिंह पंवार, कुलदीप पंवार, विक्रम पंवार, वीर सिंह पंवार, राजेंद्र रतूड़ी, कुमार कार्तिक, आरडी सिंह, कमांडो विनोद पाल, वर्षा बिष्ट, शालिनी पंवार, पूजा चौहान, प्रियंका बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *