गंगा में बहा पश्चिमी दिल्ली का पर्यटक
ऋषिकेश। मुनिकीरेती क्षेत्र में सच्चा धाम घाट पर पश्चिमी दिल्ली निवासी एक पर्यटक गंगा में नहाते हुए बह गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ ने तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक पर्यटक का कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार को फिर से एसडीआरएफ पर्यटक की तलाश में गंगा में सर्च अभियान चलाएगी। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के मुताबिक 22 वर्षीय शिवराम पुत्र दिवाकर चंद्र घोष निवासी जी-206 डीएलएफ कैपिटल ग्रींस, मोतीनगर, पश्चिमी दिल्ली पांच दोस्तों के साथ मुनिकीरेती घूमने पहुंचा था। सच्चा धाम घाट पर नहाते हुए वह गंगा के तेज प्रवाह की चपेट में आकर बह गया। साथियों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी एसडीआरएफ को दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एसडीआरएफ ने सच्चाधाम घाट से लेकर काफी दूरी तक गंगा में शिवराम की तलाश की। गोताखोरों ने भी गंगा की गहराई में जाकर तलाश की। बावजूद, इसके देर शाम तक शिवराम का कोई सुराग नहीं लगा। बताया कि परिजनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
