संसाधन विहीन अस्पतालों की ओर खींचा सीएमओ का ध्यान
विकासनगर
जौनसार बावर क्षेत्र के संसाधन विहीन अस्पतालों की ओर समाजसेवी गंभीर सिंह चौहान ने सीएमओ का ध्यान खींचा है। उन्होंने सीएमओ को पत्र भेजकर अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ के साथ दवा और संसाधनों की मांग की है। बताया कि जौनसार, बावर और देवघार के अधिकांश अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ के साथ दवाइयों और संसाधनों का अभाव है। जिससे क्षेत्रवासियों को छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए विकासनगर या देहरादून की दौड़ लगानी पड़ रही है। इतना ही नहीं, कोरोना संक्रमण के बीच लोगों को क्षेत्र में कोई स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने क्षेत्र के अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टरों के साथ दवा और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
