रेट लिस्ट के हिसाब से ही यात्रियों से लिया जाए किराया
हरिद्वार। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि सवारी वाहन टैक्सी, ई रिक्शा, ऑटो, विक्रम आदि वाहन निर्धारित किराया ही लें। किराये की रेट लिस्ट सभी सवारी वाहनों पर लगी होनी चाहिए। ताकि किसी भी यात्री से अधिक किराया न वसूला जाए। यह निर्देश बुधवार को जिलाधिकारी ने बैठक कर दिए। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी को अधिशासी अभियन्ता लोनिवि ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 31 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं, जिनमें से 20 की कमियों को ठीक कर दिया गया है तथा 11 ब्लैक स्पॉट की कमियां दूर की जा रही है। बैठक में फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था, शंकराचार्य चौक पर पुलिस माडर्न बूथ की स्थापना, दूधादारी चौक के पास बन रहे फ्लाईओवर के आसपास निर्माण कार्य के साथ ही वाहनों के लिए अधिक से अधिक स्पेस उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। इस मौके पर एडीएम बीर सिंह बुदियाल, पीएल शाह, एचआरडीए सचिव उत्तम सिंह चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की अभिनव शाह, एमएनए दयानन्द सरस्वती, एसडीएम पूरण सिंह राणा आदि शामिल रहे।
