प्रोफेसर की आत्महत्या की हो निष्पक्ष जांच

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल वीवि के छात्र नेताओं और आइसा छात्र संगठन ने घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डा. मनीषा भट्ट की आत्महत्या की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और एसएसपी पौड़ी को भेजे ज्ञापन में गढ़वाल विवि की पूर्व छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पाण्डेय, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली, वर्तमान छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन सिंह असवाल ने कहा कि 25 मई 2023 को घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डा. मनीषा भट्ट ने श्रीनगर स्थित नैथाणा पुल से कूद कर आत्महत्या की कोशिश की। स्थानीय लोगों और पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद अस्पताल में कुछ घंटों के बाद ही डॉ.भट्ट को मृत्यु हो गई।
उन्होंने कहा डॉ. मनीषा भट्ट के पति संदीप भट्ट ने श्रीनगर कोतवाली में इस आत्महत्या के लिए घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के दो अधिकारियों डा. एके गौतम और डा. वाई सिंह पर गंभीर आरोप लगाए है। कहा कि ये आरोप न केवल गंभीर प्रशासनिक लापरवाहियों के हैं बल्कि डा. मनीषा भट्ट को उनके मातृत्व अवकाश को देने में भी आनाकानी करने को लेकर है। कहा कि हमारे देश में मातृत्व अवकाश, महिलाओं का समाज के विकास के लिए निभाई जाने वाली जिम्मेदारी के प्रति सरकार की एक मदद के तौर पर यह अधिकार दिया गया है।
इस अधिकार को लेने में किसी महिला को मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़े, यह एक संस्थान की कार्यकुशलता पर प्रश्न चिन्ह तो है ही, साथ ही एक गंभीर अपराध भी है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करने और जांच होने तक इन दोनों ही अधिकारियों को निलंबित किया जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में आइसा नगर अध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, नगर सचिव समरवीर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *