शिक्षकों को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स घोषित करते हुए वैक्सीनेशन की मांग की
विकासनगर
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स घोषित करते हुए सभी शिक्षकों का वैक्सीनेशन करने की मांग की है। शुक्रवार को चकराता, कालसी, विकासनगर, सहसपुर के शिक्षकों की वर्चुअल बैठक में इस आशय की मांग मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव से की गई। बैठक के बाद शिक्षकों ने सीएम को ज्ञापन भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। प्राथमिक शिक्षक संघ के चकराता ब्लॉक अध्यक्ष मृदुल ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए कई शिक्षकों की कोविड ड्यूटी लगाई गई है। गत वर्ष भी कई शिक्षक ड्यूटी के दौरान संक्रमित हो गए थे, जबकि संक्रमण के बाद कुछ शिक्षकों की मौत हो गई थी। बावजूद इसके अभी तक शिक्षकों को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स घोषित नहीं किया गया है। जिसके चलते वरीयता के आधार पर शिक्षकों का वैक्सीनेशन नहीं हो रहा है और उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स घोषित करने की मांग की है। प्राशि संघ की विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष मधु पटवाल ने कहा कि कई शिक्षकों की कार्यस्थल से दूर ड्यूटी लगाई गई। ऐसे शिक्षकों को नियुक्ति स्थल तक आने जाने की सुविधा भी मुहैया नहीं कराई जा रही है। लिहाजा शिक्षकों को यात्राभत्ता दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से आठ मई से तीस जून तक सभी विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। लिहाजा इन दिनों कोविड ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को उपार्जित अवकाश और प्रतिकर अवकाश अनुमन्य किए जाने के स्पष्ट निर्देश जिला शिक्षाधिकारी को दिए जाने चाहिए, जिससे शिक्षक पूर्ण मनायोग से कोविड के तहत अपनी सेवाएं दे सके। बैठक में राकेश राणा, कमल सुयाल, संतोष कुमार, प्रवीण कुमार, आदि शामिल रहे।
