विज्ञान और गणित विषय शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

देहरादून। राज्य के माध्यमिक स्तर पर गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से शुरू होने जा रहा है। उक्त कार्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) और भारतीय विज्ञान एवं शिक्षा अनुसंधान संस्थान पुणे के सहयोग से किया जा रहा है। एससीईआरटी निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में राज्य के 500 शिक्षकों को तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद इनमें से 150 शिक्षकों का चयन उनके कक्षा में किए गए प्रदर्शन के आधार पर करते हुए, उन्हें भारतीय विज्ञान एवं शिक्षा अनुसंधान संस्थान पुणे में दस दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीसरे चरण में उक्त प्रशिक्षित शिक्षक अपने ब्लॉक में कार्यशाला के जरिए अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस प्रकार यह कार्यक्रम राज्य के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में पहुंचेगा। प्रशिक्षण के दौरान इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रम के बारे में भी विशेष तौर पर जानकारी दी जाएगी। प्रथम चरण के तहत देहरादून और पौड़ी जिले के 75 शिक्षकों को प्रशिक्षण आज दस मई से दून विश्वविद्यालय में प्रारंभ हो रहा है। इस प्रशिक्षण में रटने की जगह समझने की प्रवृति को प्राथमिकता दी गई है । महाराष्ट्र और बिहार की सफलता के बाद उत्तराखंड तीसरा राज्य है जहां इस कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *