युकां नेता ने एनडीए प्रत्याशी को दिया समर्थन
काशीपुर। युवा कांग्रेस अल्पंसख्यक विभाग के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आसिफ रजा ने यूपी के स्वार टांडा विधानसभा उपचुनाव के दौरान बिजारखाता में आयोजित भाजपा और अपना दल (स) की संयुक्त जनसभा के दौरान एनडीए प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी को समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और अपना दल (स) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री को कमल और कप प्लेट का स्मृति चिह्न देकर आभार जताया।
रविवार को सीमावर्ती यूपी के बिजारखाते में हुई जनसभा के दौरान काशीपुर निवासी युवा कांग्रेस नेता रजा ने यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और अपना दल (स) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, यूपी के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, सांसद घनश्याम लोधी, विधायक राजीव तिलारा की मौजूदगी में एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा विभिन्न दलों द्वारा की जा रही उपेक्षा के कारण मुस्लिम समाज का अन्य दलों से भी मोहभंग हो रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। कहा स्वार विधानसभा सीट पर पसमांदा समाज गठबंधन उम्मीदवार शफीक अहमद अंसारी को एकजुट होकर मतदान करेगा।
