पटाखा कारोबारी गिरफ्तार मकान मालिक की तलाश जारी

रुड़की। पुलिस ने पटाखा गोदाम अग्निकांड में कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मकान मालिक की तलाश जारी है। कारोबारी को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से कारोबारी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी अंबर तालाब के एक घर में अवैध पटाखा गोदाम बना था। जहां पर चरखी, पतंगे व अन्य सामान भी रखा था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे के आसपास पटाखों में आग लगने से हड़कंप मच गया था। अग्निशन स्टेशन इंचार्ज डीएस नेगी, भजन सिंह नेगी, अतर सिंह राणा, गय्यूर अली, विपिन सिंह तोमर, संदीप कुमार और हरिश्चंद्र ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। घटनास्थल पर सीओ रुड़की पल्लवी त्यागी भी पहुंची थी। आसपास रहने वाले लोगों के भी बयान लिए गए थे। इंस्पेक्टर बीएल भारती ने बताया कि उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट और खीम सिंह ने मुखबिर की सूचना पर पटाखा कारोबारी दिनेश अरोड़ा उर्फ काका और बिट्टू पुत्र किशन अरोड़ा निवासी हरिद्वार रोड चक्की वाली गली निकट वुडलैंड का शोरूम कोतवाली रुड़की को गिरफ्तार किया। जिस ने पूछताछ में बताया कि मकान मालिक राकेश उर्फ टिंकू पुत्र सुरेश के साथ मिलकर घर में पटाखों का गोदाम बना रखा था। जिसकी साफ-सफाई के दौरान वहां आग लग गई थी। पुलिस ने पटाखे अन्य सामान वहां से घटनास्थल से बरामद किया था। मकान मालिक राकेश उर्फ टिंकू पुत्र सुरेश निवासी पश्चिमी अंबर तालाब की तलाश को संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *