चारधाम यात्रा शुरू होते ही लगा जाम

ऋषिकेश। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद वाहन सवारों को जाम से राहत नहीं मिल रही है। यात्रा के पहले दिन ही हरिद्वार बाईपास मार्ग पर इंद्रमणि बड़ोनी चौक पर शुक्रवार को भी वाहन सवारों को जाम का झाम झेलना पड़ा। श्यामपुर में भी रेलवे फाटक और पुलिस चौकी के पास वाहन रेंग-रेंगकर गुजरते दिखे। बावजूद, ट्रैफिक को नियंत्रित रखने में पुलिस नाकाम दिखी। डीजीपी अशोक कुमार की ओर से शुक्रवार से रविवार को वीकेंड ट्रैफिक प्लान लागू के बाद भी यातायात की स्थिति नहीं सुधर रही है। एक बार फिर शहर में इंद्रमणि बड़ोनी चौक पर दिनभर जाम के हालात नजर आए। भीषण गरमी में वाहन सवार जाम के झाम में फंसकर पसीना बहाते दिखे। ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मी कोशिश करते जरूर दिखे, लेकिन फिर भी स्थिति नहीं सुधरी। कुछ ऐसा ही हाल सुबह के वक्त श्यामपुर में रेलवे फाटक और पुलिस चौकी के पास भी नजर आया। खास बात यह है कि अभी चारधाम यात्रा शुरू ही हुई है और स्कूलों की छुट्टियां होने के बाद गरमियों में भारी तादाद में राफ्टिंग-कैंपिंग और सैर-सपाटे के लिए पर्यटक पहुंचेंगे। अभी हल्की भीड़ में शहर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का यह हाल है, तो व्यवस्था नहीं सुधरने पर जाम की समस्या आगे और ज्यादा विकराल होगी। सीओ संदीप नेगी ने बताया कि पुलिस यातायात को सुव्यवस्थित रखने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। जल्द अतिरिक्त फोर्स यात्रा के लिए मिलने वाला है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *