डीएम के आदेश पर भी ईई पर मुकदमा दर्ज नहीं

ऋषिकेश। रानीपोखरी क्षेत्र में सड़कों के गड्ढे नहीं भरने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) के खिलाफ डीएम के आदेश के बाद भी शुक्रवार को मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एसडीएम के जरिए पुलिस को शिकायत तो दी गई, लेकिन पुलिस ने फिलहाल शिकायत की जांच का हवाला देते हुए मुकदमा दर्ज नहीं किया है। दरअसल, रानीपोखरी से ऋषिकेश के बीच सड़क पर कई जगह-जगह लोनिवि ने जेसीबी से गड्ढे खोद दिए थे। इन गड्ढों से वाहन सवारों को न सिर्फ आवागमन में दिक्कत हो रही है, बल्कि जान का खतरा भी बना हुआ है। इस बाबत एसडीएम सौरभ असवाल ने पीडब्ल्यूडी के ईई धीरेंद्र कुमार को गड्ढों की मरम्मत के लिए कहा। बावजूद, उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। यह मामला डीएम सोनिका तक पहुंचा, तो वह खफा हो गईं। डीएम ने ईई धीरेंद्र कुमार के खिलाफ एसडीएम को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए, जिस पर पटवारी जयपाल सिंह रावत ने रानीपोखरी पुलिस को शिकायत दी। थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस प्रारंभिक जांच कर रही है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि पुलिस को शिकायत दी है। कानूनी कार्रवाई पुलिस को ही करनी है। वहीं, ईई धीरेंद्र कुमार का कहना है कि गड्ढों की मरम्मत की जानी थी, लेकिन त्योहार आने के चलते लेबर छुट्टी पर चली गई, जिसके चलते काम में देरी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *