पांच पेटी शराब समेत युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश। नशा तस्करी में संलिप्त एक युवक को पुलिस ने अंग्रेजी शराब की पांच पेटी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की कार की तलाशी में यह शराब बरामद की है। आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त कार को पुलिस ने सीज कर दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार सवार शख्स शराब की खेप लेकर शहर आ रहा है। पुलिस ने शहर के नाकों और आंतरिक मार्गों पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी बीच वीरभद्र मार्ग एक कार सवार पर शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रूकने का इशारा किया। कार की तलाशी ली, तो उसमें पांच पेटी शराब मिली। पूछताछ में आरोपी की पहचान अमित पुत्र केवल कृष्ण गोस्वामी निवासी अदिती विहार, खदरी रोड, श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप हुई। प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
